एक नई शुरुआत—मेरी अभ्यास का कोई अंत नहीं
श्रीमती नाओमी मासुनो
रिश्शो कोसेई-काई, लॉस एंजिल्स

आपको रिश्शो कोसेई-काई की आस्था के बारे में पहली बार कब और कैसे पता चला?
मेरा जन्म और पालन-पोषण ओसाका में हुआ। 1980 में मेरी शादी हुई, और जिस परिवार में मेरी शादी हुई, वह रिश्शो कोसेई-काई के ओसाका धर्म केंद्र से जुड़ा था; इसी तरह मेरा इस आस्थासे परिचय हुआ। मेरे पति और उनके माता-पिता सभी समर्पित सदस्य थे, इसलिए हमारा घर दिन-रात स्थानीय सदस्यों और युवा नेताओं के आने-जाने से भरा रहता था।
हमारी शादी के अगले साल, 1981 में, हमारे सबसे बड़े बेटे का जन्म हुआ। हालाँकि, 1980 के दशक के आखिर में जब आर्थिक तेज़ी आई, तो मेरे पति उस दौर की दिखावे वाली और महंगी जीवनशैली में उलझ गए। वह अक्सर रात भर बाहर रहते थे और सुबह घर लौटते थे, और धीरे-धीरे हमारे रिश्ते खराब होते गए। क्योंकि उन्हें हमारे परिवार की ज़्यादा परवाह नहीं थी, इसलिए मैंने सोचना शुरू किया, “मैं इस तरह और नहीं रह सकती। अगर हो सके, तो मैं तलाक़ लेना चाहती हूँ।” आख़िरकार, मैं अपने बेटे को लेकर कुछ समय के लिए अपने पति से अलग रहने लगी।
मेरी स्थिति को लेकर चिंतित होकर, स्थानीय ग्रुप लीडर और क्षेत्रीय लीडर अक्सर मुझसे मिलने और मदद करने आते थे। शुरू में, मैंने घर पर न होने का नाटक किया। लेकिन संघ के सदस्य—मेरे साथ साधना करने वाले—मेरे अपार्टमेंट में आते रहे, और उनकी दयालुता और करुणा ने मेरे दिल को छू लिया। धीरे-धीरे, मैं अपने छोटे बेटे को साथ लेकर ओसाका धर्म केंद्र जाने लगी। धर्म केंद्र में, वहाँ के लीडर मुझसे गर्मजोशी से पूछते थे, “इन दिनों आपका हाल-चाल कैसा है?” “क्या आपको कोई परेशानी है?” और “अगर कुछ होता है, तो हमें बताने में हिचकिचाएँ नहीं।” उन्होंने मेरी देखभाल की और मेरे छोटे बेटे की देखरेख में भी मदद की। उनके सहयोग से मैं धीरे-धीरे स्मृति-दिवस की धर्म सभाओं में सम्मिलित होने लगी और धर्म केंद्र की विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने लगी।
संघ के सदस्यों ने सचमुच में आपके जीवन के सबसे मुश्किल समय में आपका साथ दिया।
मैंने अपने पति से बात करने की कोशिश जारी रखी और कई बार उनके सामने तलाक के कागज़ात रखे, लेकिन हर बार उन्होंने उन्हें फाड़ दिया। बेहद घबराहट और उलझन में होने के कारण, मैंने अपनी शादी में आ रही मुश्किलों के बारे में अपने चैप्टर लीडर को बताया।
उन्होंने मुझसे दृढ़ता लेकिन सहानुभूति के साथ कहा, “तुम्हारे पति के साथ जो मुश्किलें हैं, वे एक तरह की साधना हैं जिनकी तुम्हें ज़िंदगी के इस पड़ाव पर ज़रूरत है।” तलाक लेना आसान हो सकता है, लेकिन जब तक आप अपना मन नहीं बदलते, आपको फिर से वैसी ही तकलीफ़ का सामना करना पड़ेगा। आखिरकार आपका तलाक होगा या नहीं, यह बात बुद्ध पर छोड़ दें और अभी पूरे मन से बौद्ध साधना की साधना में लग जायें। उनके शब्दों पर विश्वास रखते हुए, मैंने पूरी निष्ठा के साथ सदस्यों से भेंट करने तथा होज़ा के अभ्यास में स्वयं को लगाया और अपने हृदय की गहराइयों में ईमानदारी से झाँकते हुए आत्मचिंतन किया। फिर, कुछ ही समय बाद, कुछ ऐसा हुआ जिसकी उम्मीद नहीं थी। मेरे पति, जिन्होंने इतने लंबे समय तक मुझसे तलाक़ लेने से साफ़ इनकार कर दिया था, उन्होंने आसानी से कागज़ों पर दस्तख़त कर दिए। हम दोनों की इस बात पर सहमति हुई कि हमारे पुत्र की पूरी अभिरक्षा मेरे पास होगी और बच्चों के भरण-पोषण के लिए कोई आर्थिक सहायता और वित्तीय समझौता नहीं किया जाएगा। हमारा तलाक़ 1991 में फ़ाइनल हुआ और हम दोनों ने ज़िंदगी का एक नया अध्याय शुरू किया।
इसके बाद, मैंने अकेले ही अपने बेटे का पालन-पोषण किया, जिसके कारण मुझे आर्थिक कठिनाइयों के साथ-साथ जीवन की अनेक पीड़ादायक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हालाँकि अपने बच्चे की रक्षा करने के लिए मेरे भीतर दृढ़ संकल्प और शक्ति थी, फिर भी कई बार मुझे ऐसा महसूस होता था कि मैं मानसिक रूप से टूट जाऊँगी। जब भी ऐसा हुआ, संघ के सदस्य हमेशा मेरा उत्साह बढ़ाने और हर परिस्थिति में मेरे साथ दृढ़ता से खड़े रहे।
यह केवल इतने सारे लोगों के सहयोग और समर्थन के कारण ही संभव हो पाया कि मैं दिन के समय एक जीवन बीमा कंपनी में कार्य करती थी और शाम के समय अपने चैप्टर के युवा महिला समूह की हेड के रूप में सदस्यों का सहयोग और मार्गदर्शन करने के साथ-साथ अपने बेटे का पालन-पोषण भी करती रही। मैंने ओमे में प्रशिक्षण शिविरों और माउंट शिचिमेन की तीर्थयात्राओं में भी भाग लिया, युवा गतिविधियों के लिए खुद को पूरे दिल से समर्पित करते हुए। अब पीछे मुड़कर देखती हूँ, तो ह्रदय से कृतज्ञ हूँ कि मेरा बेटा बचपन से ही बुद्ध के करीब रहा और एक सच्चा तथा दयालु हृदय वाला व्यक्ति बन गया।
कृपया हमें बतायें कि आप आखिरकार संयुक्त राज्य अमेरिका कैसे पहुँचे?
फरवरी 1992 में, मेरे तलाक के एक साल बाद, मैं अपने स्कूल के दिनों के एक दोस्त के साथ लास वेगास गयी थी। वहाँ, किस्मत से हुई एक मुलाक़ात में, मैं उस व्यक्ति से मिली जो अब मेरे पति हैं।
उस समय, वो लॉस एंजिल्स में एक ट्रैवल एजेंसी के लिए काम करते थे और लास वेगास में पर्यटकों को गाइड करते थे। जब हमने उन्हें बताया कि हम छुट्टियों में जापान से आए हैं, तो वे हमें अपने एक पसंदीदा भोजनालय में ले गए। हालांकि हम अभी-अभी मिले थे, लेकिन हमारी तुरंत अच्छी जम गई और अलविदा कहने से पहले हमने साथ में बढ़िया खाना खाया।
फिर, तीन दिन बाद, मैं और मेरी दोस्त उनसे दोबारा मिले। यह किसी फ़िल्म या उपन्यास की घटना जैसा लग रहा था। यह संयोग इतना अद्भुत था कि मुझे हमारे बीच एक गहरा जुड़ाव महसूस हुआ। एक और बार साथ खाना खाने के बाद, मैंने उन्हें अपना फ़ोन नंबर दिया और कहा, “अगर कभी ओसाका आने का मौका मिले, तो कृपया मुझसे संपर्क करना।” मैं और मेरा दोस्त अगले दिन जापान लौट आए।
लगभग छह महीने बाद, वह सचमुच में काम के सिलसिले में ओसाका आए और हमारी मुलाक़ात बहुत भावुक कर देने वाली थी। उस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने हमें एक-दूसरे के करीब ला दिया। हम दोनों की पहले भी शादी हो चुकी थी और उस समय हम सिंगल थे, और हमने नवंबर 1993 में शादी की।
जब उन्होंने शादी का प्रस्ताव रखा, तो मैंने उनसे ईमानदारी से कहा, “विवाह के बाद भी मैं रिश्शो कोसेइ-काई की आस्था का अभ्यास और पालन करती रहूँगी। और मेरा बेटा, जिसका मेरे अलावा कोई विकल्प नहीं है, वह भी मेरे साथ आएगा। चूँकि वह पहले टोक्यो के सुगिनामी में रह चुके थे, इसलिए वे रिश्शो कोसेई-काई के ग्रेट सेक्रेड हॉल से परिचित थे। उन्होंने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया था, और संयुक्त राज्य अमेरिका में अपने पूर्वजों का सम्मान करने का अवसर उनके लिए बहुत मायने रखता था। इसलिए उन्होंने रिश्शो कोसेई-काई की आस्था का अभ्यास जारी रखने की मेरी इच्छा का सम्मान किया और, निश्चित रूप से, मेरे बेटे का भी पूरे हृदय से स्वागत किया। मई 1994 में, मैं अपने बेटे के साथ अमेरिका चली गई, जो उस समय जूनियर हाई स्कूल के दूसरे वर्ष में पढ़ रहा था।

आपने लॉस एंजिल्स धर्म सेंटर में जापानी बोलने वाले ग्रुप के हेड के तौर पर भी काम किया, है ना?
2003 से, मैंने एक साथ एरिया लीडर और महिला ग्रुप की लीडर के तौर पर काम किया। फिर, 2007 में मुझे जापानी बोलने वाले ग्रुप का हेड बनाया गया; इस भूमिका में मैंने लगभग बीस साल तक काम किया।
जब मैं पहली बार अमेरिका गयी, तो वहाँ के संस्कृति और रीति-रिवाजों में अंतर देखकर अक्सर उलझन में पड़ जाती थी। मैंने जापान और अमेरिका के सदस्यों के अभ्यास करने के तरीकों में भी अंतर देखा। जापानी संस्कृति में सहयोग और सामंजस्य को महत्व दिया जाता है। उदाहरण के लिए, जब जापान में किसी लीडर से मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं, तो कई लोग सहमति व्यक्त करते हुए कहते हैं, “हाँ, मैं समझती हूँ” या “जी हाँ, यह सही है।” हालांकि, अमेरिका में लोगों को आम तौर पर अपनी राय साफ़-साफ़ बताने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, जैसे कि “मैं ऐसा सोचती हूँ” या “मैं इसे इस तरह देखती हूँ।” इसका मतलब यह नहीं है कि एक तरीका दूसरे से बेहतर है। अमेरिका में सदस्यों के साथ बातचीत और उनके संपर्क में रहने के दौरान, मैंने सीखा कि प्रत्येक देश की संस्कृति, मूल्यों और सोचने के तरीकों में मौजूद विविधताओं को पहचानना, उनका सम्मान करना और उन्हें समझना कितना महत्वपूर्ण है।
पाम स्प्रिंग्स में मेरा घर लॉस एंजिल्स धर्म केंद्र से लगभग दो सौ किलोमीटर दूर है और वहाँ गाड़ी से जाने में लगभग दो घंटे लगते हैं। जब मैं युवा थी, तो धर्म केंद्र में दिन भर के लिए जाती थी। अब, जब मैं धर्म केंद्र के मासिक कामों और दूसरी गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए जाती हूँ, तो आम तौर पर रात में वहीं रूकती हूँ।
धर्म केंद्र जाते समय, मैंने दूर रहने वाले उन सदस्यों को भी बुलाने और गाड़ी से ले जाने की कोशिश की है जिनके छोटे बच्चे हैं, ताकि वे भी धर्म केंद्र के कार्यों और स्मृति दिवस की सेवाओं में हिस्सा ले सकें। मुझे सौंपी गई ज़िम्मेदारियों के ज़रिए मैंने अपने विश्वास को और मज़बूत किया है। साथ ही, यह याद रखते हुए कि कभी संघ ने मेरा जिस तरह साथ दिया था, मैंने हमेशा यही प्रयास किया है कि जो लोग अपने दुःख और पीड़ा से गुजर रहे हैं, मैं उनके साथ खड़ी रहूँ। इसी भावना के साथ, वर्षों से मैंने अनेक सदस्यों के साथ सार्थक और आत्मीय संबंध बनाए हैं।

क्या रिश्शो कोसेई-काई की कोई ऐसी विशेष शिक्षा है, जिसे आप हमेशा अपने हृदय में संजोकर रखते हैं?
यदि एक व्यक्ति स्वयं को बदलता है, तो उसके अनुसार दूसरे भी बदलेंगे—इस शिक्षा को मैं हृदय से संजोकर रखती हूँ। जब मैंने पहली बार अपने वर्तमान पति से शादी किया, तो कभी-कभी मैं अनजाने में उनसे कुछ इस तरह उपदेश देने वाले या ऊपर से बोलने वाले अंदाज़ में बात करती थी, मानो कह रही हूँ— “मैं तुम्हें बताती हूँ कि यह कैसा है!” उन्होंने उत्तर दिया, “मैं आपसे मुझे सिखाने के लिए नहीं कह रहा हूँ।” उनके शब्दों ने मुझे एहसास कराया कि मैं अपने आपको कितना महत्वपूर्ण समझने लगी थी। मुझे एक बार फिर यह एहसास हुआ कि मैं अपनी सोच और अपने विचारों के तरीके से कितनी गहराई से जुड़ी हुई हो सकती हूँ। इस अनुभव ने मुझे यह भी सिखाया कि हर मुलाकात और हर रिश्ते से सीखना कितना महत्वपूर्ण है। मैं यह समझने लगी कि अपने आसपास के सभी लोगों और परिस्थितियों से सीखकर मैं स्वयं को बदल सकती हूँ और निरंतर आगे बढ़ सकती हूँ।
आपने इस जून में जापानी-भाषी ग्रुप के हेड के पद से इस्तीफा दिया है। अब से आप अपने अभ्यास को किस प्रकार से आगे बढ़ाना चाहते हैं?
प्रेसिडेंट निचिको निवानो अक्सर हमें सिखाते हैं की “प्रयास करते रहो, प्रयास करते रहो, मैं अपने जीवन की अंतिम सांस तक प्रयास करती रहूँगी और यदि मेरा पुनर्जन्म हुआ, तो मैं फिर से प्रयास करुँगी।”
यद्यपि मैंने अपने नेतृत्व की भूमिका से इस्तीफा कर दिया है, फिर भी बुद्ध मार्ग पर मेरी साधना निरंतर जारी है। इसलिए, मैं प्रतिदिन सदस्यों की प्रतिज्ञा में वर्णित चरित्र की पूर्णता की ओर बढ़ने के लिए निरंतर लगन और ईमानदारी से प्रयास करती रहूँगी।
जिन व्यक्तियों का मैं बहुत सम्मान करती हूँ, उनमें से एक स्वर्गीय किनुयो ग्रिमित हैं, जो लॉस एंजेलिस धर्म केंद्र की पूर्व अध्यक्षा थीं। उम्र अधिक हो जाने के कारण चैप्टर हेड का पद छोड़ने के बाद भी, वह अपनी पीढ़ी के सदस्यों को धर्म केंद्र तक ले जाती रहीं और हर महीने होने वाली ‘स्मृति दिवस’ की प्रार्थना सभाओं में भी हमेशा शामिल होती रहीं।
मैं श्रीमती ग्रिमित को आस्था रखने वाले व्यक्ति का एक सच्चा आदर्श मानती हूँ। अपने हृदय में यह दृढ़ विश्वास रखते हुए कि ‘निष्ठापूर्वक साधना का कभी अंत नहीं होता,’ मैं आशा करता हूँ कि जीवन के इस नए अध्याय की शुरुआत एक नई ऊर्जा और नए उत्साह के साथ करूँगी तथा बुद्ध मार्ग के एक समर्पित अनुयायी के रूप में अपनी साधना निरंतर जारी रखूँगी।
